पाकिस्तान में इमरान पर हमले की होगी जांच, फवाद बोले- यह पूरे देश पर अटैक, बदला लिया जाएगा

 

पाकिस्तान में इमरान खान पर फायरिंग के बाद प्रदर्शन करते लोग
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) के नेता इमरान खान पर लॉन्ग मार्च के दौरान वजीराबाद में हमला कर दिया गया है. इमरान खान समेत 2 अन्य नेता इस हमले में घायल हो गए हैं. उनके पैर में 3-4 गोलियां लगी हैं जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में लाहौर ले जाया जा रहा है. इमरान के काफिले पर 2 हमलावरों ने हमला किया था जिनमें से एक को मौके पर ही मार दिया गया जबकि एक अन्य हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है. पीटीआई नेता फवाद चौधरी ने इस बात की पुष्टि की है कि हमले में इमरान घायल हो गए हैं. उनके साथ सीनेटर फैसल जावेद और अहमद चट्ठा शामिल हैं.


इमरान पर हुए अटैक के बाद उन्ही की पार्टी के नेता फवाद चौधरी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा है कि, ‘इमरान खान के ऊपर हमला, पाकिस्तान पर हमला है.’ उन्होंने इस दौरान यह चेतावनी भी दी कि इस हमले का बदला लिया जाएगा. उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि, ‘हम अमन की पार्टी हैं, हम बंदूकों वाली पार्टी नहीं है, लेकिन हमारे लीडर के ऊपर बंदूकों से हमला किया गया है. बुज्दिल लोग जो इसके पीछे हैं वह सुन लें हम इसका बदला लेंगे.’


पाक पीएम ने दिए जांच के आदेश

वहीं इस घातक हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसकी निंदा की उन्होंने दो ट्वीट किए हैं और लिखा है कि, ‘पीटीआई चेयरमैन इमरान खान पर हुई फायरिंग की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं. मैंने गृह मंत्री को घटना पर तत्काल रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं उनके और अन्य नेताओं के जल्दी रिकवरी और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.’ शहबाज ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘केंद्र सरकार पंजाब सरकार को सुरक्षा और जांच के लिए पूरा सहयोग करेगी. हमारे देश की राजनीति में हिंसा की कोई जगह नहीं है.’


केंद्र और प्रांतीय सरकारों को सुरक्षा बढ़ानी होगी

वहीं एक पाकिस्तानी राजनीतिक एक्टीविस्ट रेहम खान ने शहबाज के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए लिखा है कि, ‘पीटीआई नेता इमरान खान और अन्य नेताओं पर फायरिंग की घटना निंदनीय है.’ उन्होंने नेताओं के पब्लिक इवेंट के दौरान सुरक्षा को और कड़ी करने का सरकार से आग्रह किया है. उन्होंने लिखा कि, ‘हमारे सभी राजनेताओं के पब्लिक इवेंट के दौरान प्रांतीय और केंद्र की सरकार को सुरक्षा को और मजबूत करना चाहिए.’