सोनभद्र, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की अनपरा नगर पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी और पूर्व युवा भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने नगर पंचायत में गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्यों और सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने जिला अधिकारी को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
कृष्ण कुमार सिंह ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि अनपरा नगर पंचायत, जो प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पंचायतों में से एक है, में निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी की जा रही है। विशेष रूप से वार्ड नंबर 18, बोश नगर में लाखों रुपये की लागत से बना ओपेन जिम पार्क का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्क 24 जून 2025 को हुई बारिश में पूरी तरह ध्वस्त हो गया। यह कार्य संजीवनी फर्म ठेकेदार को दिया गया था, जिसके पास उचित अनुभव प्रमाण-पत्र भी नहीं था। इसके बावजूद नगर पंचायत ने ठेका आवंटित कर दिया, जो गुणवत्ता की कमी का स्पष्ट प्रमाण है।
आरोपों के अनुसार, नगर पंचायत के अवर अभियंता अखिलेश चतुर्वेदी, जो मूल रूप से PWD विभाग में तैनात हैं और अनपरा के अलावा ओबरा, पिपरी और अन्य नगर पंचायतों का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं, क्षेत्र में नियमित रूप से नहीं आते। अनपरा, जिला मुख्यालय सोनभद्र से 100 किलोमीटर दूर होने के कारण उनकी अनुपस्थिति में गुणवत्ताविहीन कार्यों को बढ़ावा मिल रहा है। सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकारियों और ठेकेदारों की साठगांठ से सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, जिससे सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
कृष्ण कुमार सिंह ने जिला अधिकारी से मांग की है कि एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर ठेकेदारों की पत्रावलियों की जांच और स्थलीय कार्यों का निरीक्षण किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री और अपर जिला अधिकारी को भी इसकी प्रतिलिपि भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अनपरा नगर पंचायत में सड़क निर्माण और अन्य परियोजनाओं में भी गुणवत्ता की कमी साफ दिखाई देती है। इस मामले ने क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ जनाक्रोश को और बढ़ा दिया है।
