सोनभद्र: शक्तिनगर-वाराणसी हाईवे पर बैरपान गांव के पास एक राख लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में चालक रामपाल (पुत्र झुरई, निवासी सुल्तानपुर) केबिन में फंस गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से उसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, खड़िया से राख लादकर वाराणसी जा रहा ट्रेलर एनआई पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तभी इसका अगला पहिया फट गया। सामने जा रही रोडवेज बस को बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर पलट गया। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह और कांस्टेबल अजित यादव ने स्थानीय लोगों के सहयोग से चालक को निकालकर अनपरा के संयुक्त अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक को सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटों के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
